- शनिवार के 169 के मुकाबले रविवार को एक्यूआई में सुधार, नोएडा का एक्यूआई 131 रहा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बारिश और रविवार की छुट्टी का असर ग्रेटर नोएडा की हवा पर दिखाई दिया। रविवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया, जो येलो जोन में रहा। शनिवार को एक्यूआई 169 था। पिछले सात दिनों से प्रदूषण का स्तर 200 से अधिक रहने के कारण शहर ऑरेंज जोन में बना हुआ था। रविवार को बारिश के चलते हवा में मौजूद धूल के कण कम हुए। वहीं, छुट्टी के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही। इन दोनों कारणों से वायु गुणवत्ता में सुधार माना जा रहा है। हालांकि, बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तापमान में कमी के साथ मौसम की परिस्थितियां बदलने पर प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने की आशंका बनी रहती है। रविवार को नोएडा का एक्यूआई 131 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद और फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता ग्रेटर नोएडा से बेहतर रही।