नोएडा (संवाद)। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को शहर के मंदिरों में मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर और सेक्टर-62 स्थित श्रीविनायक मंदिर समेत शहर के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। नवरात्र के अंतिम दिन कन्या पूजन कर कन्याओं को हलवा, पूड़ी और चने का प्रसाद खिलाया गया। कई श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और हवन के बाद नौ दिन के व्रत का पारण किया। कई इलाकों में पंडाल लगाकर भंडारे भी आयोजित किए गए।