नामजदों से पूछताछ के बाद अन्य कोणों से भी शुरू हुई जांच
- सुखपाल हत्याकांड में कई संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया
- 16 दिसंबर को हमले के बाद हथियार की बातचीत करते का वीडियो मिला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र में सुखपाल गौतम की दिनदहाड़े हुई हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। पुलिस ने कुछ नामजदों से गहनता से पूछताछ की है, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस कारण पुलिस ने अन्य कोणों से भी जांच शुरू की है। पुलिस जमीन विवाद के अलावा, पूर्व में हुए झगड़े के अलावा कांशीराम में रहने वाली एक महिला के करीबियों की भी पड़ताल कर रही है। इसी बीच परिजन व पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा है, जिसमें दो युवक हथियार की खरीद-फरोख्त की बात कर रहे हैं।
11 जनवरी को कासना निवासी सुखपाल गौतम की दादरी क्षेत्र के नारायना चौक के पास दो गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 16 दिसंबर को भी सुखपाल पर फायरिंग कर हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। इस लापरवाही में एसीपी, कासना थानेदार व जिम्स चौकी प्रभारी को हटा दिया गया है। पुलिस के हाथ वारदात से पहले का फुटेज भी लगा है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बंटी, घंघोला के एक युवक, कुछ नामजद समेत अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इससे पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस उम्मीद जता रही है कि एक दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
पंचर की दुकान पर कर रहे थे हथियार खरीदने की बात
पुलिस व सुखपाल के परिजन को एक वीडियो मिला है। जिसमें दो युवक एक संदिग्ध की पंचर की दुकान पर हथियार खरीदने की बात कर रहे हैं। आरोपी हथियार के रुपयों और अग्रिम भुगतान में दिए रुपयों की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि हत्या से युवकों का ताल्लुक है या नहीं। इसकी पुलिस जांच कर रही है।
गोली की आवाज सुनते ही हमलावरों को पकड़ने दौड़े थे युवक
सुखपाल के भाई विकल ने बताया कि वारदात के बाद घटना स्थल से कुछ दूर मैदान में क्रिकेट खेल रहे कुछ युवक गोली की आवाज सुनकर बदमाशों की ओर दौड़े थे। लेकिन जब तक वे वहां पहुंचते तब तक हमलावर दूर भाग गए थे। युवकों ने परिजन को जानकारी दी है कि जिस दिशा से हमलावर आए थे। उसी दिशा की ओर भागे हैं। सुखपाल के जमीन पर गिरे हुए और युवकों के उसके पास खड़े होने का वीडियो भी पुलिस-परिजन को मिला है।
हत्यारोपियों के संबंध में कुछ सुराग हाथ लग गए हैं। परिजन के बताए विवादों के अलावा कुछ अन्य कोणों से भी जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों काे गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा