श्रद्धा वाकर हत्याकांड::
-आरोपी ने की फोल्डर के हिसाब से आरोप पत्र व अलग पेन ड्राइव में फुटेज मुहैया कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। श्रद्धा वाकर हत्याकांड मामले के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने अदालत में आरोप पत्र व फुटेज को उचित तरीके से उपलब्ध कराने की मांग करते हुए दो आवेदन दाखिल किए हैं। आरोपी ने अपना शिक्षा प्रमाण पत्र जारी करने की भी मांग की है। उसने कहा कि वह अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहता है।
आफताब की ओर से अधिवक्ता एमएस खान ने आवेदन दाखिल कर कहा है कि जो ई-आरोप पत्र उसे दिया गया है वह सही तरीके से नहीं है और इसे पढ़ा नहीं जा सकता है। आरोप पत्र वाली पेन ड्राइव ओवरलोडेड है और किसी भी उन्नत कंप्यूटर से पढ़ी नहीं जा सकती है। उक्त पेन ड्राइव में फुटेज को गलत तरीके से रखा गया है। इसलिए जांच अधिकारी को उसे फोल्डर के हिसाब से आरोप पत्र व अलग पेन ड्राइव में फुटेज मुहैया कराने का निर्देश दिया जाए। उसने यह भी कहा है कि उसके पास आरोप पत्र की एक प्रति है, लेकिन उसके पास पेन, पेंसिल या नोटबुक जैसी लेखन सामग्री नहीं है। वह अपने वकील की सहायता करना चाहता है इसलिए उसे तत्काल लेखन सामग्री की आवश्यकता है। आवेदन में जेल अधिकारियों से उसे ये चीजें मुहैया कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
साकेत कोर्ट ने सात फरवरी को आफताब के खिलाफ दाखिल आरोप पत्र पर संज्ञान लिया था। साथ ही दस्तावेजों की जांच के लिए 21 फरवरी की तिथि निर्धारित की थी। दिल्ली पुलिस ने 24 जनवरी को आफताब के खिलाफ 6629 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया। आरोपी आफताब को न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद तिहाड़ जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था। आरोप पत्र आईपीसी की धारा 302 व 201 और अन्य धाराओं के तहत दाखिल की गई है। आरोपी पर महरौली इलाके में मई 2022 में अपनी लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। कथित गला घोंटने के बाद उसने कथित तौर पर अपने लिव-इन पार्टनर के शरीर के 35 टुकड़े कर दिए थे।