अधिवक्ता पर तंत्र मंत्र कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता पर तंत्र मंत्र कर धमकी देने और पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। रबूपुरा के अधिवक्ता जीवन सिंह राणा का कहना है कि भंगेल निवासी नीतू लोगों को झूठे केस में फंसाकर उनसे पैसे वसूलती है। करीब चार-पांच महीने पहले महिला पीड़ित के चैंबर में आई और कहा कि उसके कुछ केस चल रहे हैं, जिन्हें वह देख लें। कुछ समय बाद महिला ने दावा किया कि वह तांत्रिक शक्तियों से दूसरों की मदद कर सकती है। पीड़ित की पत्नी को भी बच्चा दिलवा सकती है। उस पर शैतान का साया है। एक दिन महिला ने एक केस पर चर्चा के बहाने अधिवक्ता को अपने यहां बुलाया और कोल्डड्रिंक में कुछ पिलाकर बेहोश कर दिया। होश आने पर पीड़ित ने खुद को जमीन पर पड़ा पाया। एक दिन महिला चैंबर में आई और पाउडर फूंककर तंत्र–मंत्र करने लगी। पीड़ित बेहोश होकर गिर पड़े। साथी वकीलों ने उन्हें यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीन दिन इलाज चला। जब अधिवक्ताओं ने महिला का विरोध किया, तो उसने उल्टा पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। महिला ने कहा कि उसने निजी फोटो और वीडियो बना लिए हैं, जिन्हें वायरल कर जेल भिजवाकर बदनाम कर देगी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो