संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में पहली फिजिकल काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ी। दाखिले को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कॉलेज की शैक्षणिक सुविधाओं, सकारात्मक माहौल और सहयोगी स्टाफ की सराहना की। काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराने में कॉलेज के कंप्यूटर विभाग और कंप्यूटर सेल की अहम भूमिका रही। कंप्यूटर फैकल्टी ने विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए परिसर में स्टेपलर, पिन, टैग, फोटोकॉपी सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कंप्यूटर प्रकोष्ठ की अधिकारी डॉ. सोनिका और डॉ. अलका ने नोडल अधिकारियों व महिला शिक्षिकाओं के साथ मिलकर व्यवस्था संभाली। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, पहली ओपन प्रवेश प्रक्रिया से वंचित विद्यार्थियों के लिए 10 अगस्त से दोबारा ओपन प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।