पुन्हाना। होमगार्ड की नौकरी लगाने के नाम पर कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऑडियो के आधार पर होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ने 3 होमगार्ड को पद से हटा दिया है। जल्दी ही अन्य ऐसे लोगों पर भी गाज गिर सकती है जो नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये रिश्वत ले रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुई है जिसमें दो लोगों के बीच में होमगार्ड की नौकरी लगाने के नाम पर ढाई से 3 लाख रुपये रिश्वत लेने की बात की जा रही है। वीडियो वायरल होने पर जिले के एसपी और डीसी ने संज्ञान लेते हुए मामले की जांच डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट प्रदीप कुमार को सौंपी थी।