नोएडा। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने बृहस्पतिवार को 11 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की। इनसे 5.40 लाख रुपये का चालान वसूला जाएगा। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि 21 अगस्त को पुलिस, परिवहन और खनन विभाग द्वारा ओवर लोडिंग पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चालान कर सेक्टर-126 और सेक्टर-142 में निरुद्ध किया गया। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग गौतमबुद्ध नगर द्वारा वित्तीय वर्ष में माह अप्रैल, मई और जून 2025 में अब तक क्रमिक रूप से 347 वाहनों से 2.28 करोड़ रुपये प्रशमन शुल्क वसूल किया गया है। यह गत वर्ष 2024 के उक्त अवधि से लगभग 3 गुना अधिक है। उन्होंने ओवरलोडिंग ट्रकों, मिनी ट्रकों के संचालकों एवं वाहन चालकों को बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक माल लादने से कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। यह न केवल वाहन चालकों और सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा पैदा करता है, बल्कि आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान भी पहुंचाता है। ब्यूरो