फोटो....
-पुलिस अधिकारियों ने देर रात की पैदल गश्त, व्यापारियों को दिए जल्द खुलासे का आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर में दवा व्यापारी के घर हुई लाखों की चोरी और अन्य कई व्यापारियों के घर पर चोरी के प्रयास के बाद व्यापारियों में काफी नाराजगी है। व्यापारियों ने देर रात तक इस बारे में बैठक की और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की। सराय नैन सिंह निवासी प्रमोद गुप्ता दवा व्यापारी हैं और उनका मेडिकल स्टोर है। 2 जून की शाम को वह अपने बेटे के पास ग्रेटर नोएडा चले गए थे। 3 जून की सुबह जब 7 बजे घर पहुंचे तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था। उनके घर के अंदर का सारा सामान भी बिखरा हुआ था। जिसके बाद उन्होंने जांच की तो पता चला कि चोर उनके घर के अंदर रखा लाखों के सोने-चांदी के जेवर और ढ़ाई लाख रुपये की नकदी चोरी करके ले गए हैं। उन्होंने लगभग 35 लाख रुपये चोरी की जानकारी पुलिस को दी है। इन घटनाओं के बाद डीसीपी ने खुद पूरे क्षेत्र में पैदल गश्त की और टीम को शिफ्टवार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उप्र उद्योग व्यापार मंडल जेवर के महामंत्री कुलदीप पंडित ने बताया कि व्यापारियों ने बुधवार देर रात बैठक की। जिसमें यह निर्णय लिया गया है कि अगर पुलिस ने दो दिन में घटना का खुलासा न किया तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।