भूमि पर कब्जा कर निर्माण करने का आरोप
यमुना सिटी/जेवर। जेवर थाना क्षेत्र के गांव कादरपुर में महिला की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने और उस पर निर्माण कराने का मामला सामने आया है। महिला ने एसडीएम से मिलकर मामले की शिकायत की है और कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गुरुग्राम की रहने वाली प्रियंका पत्नी धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि गांव झुप्पा में उनकी जमीन है। महिला ने बताया कि उनकी जमीन के आसपास अन्य लोगों की जमीन है। कस्बे के एक व्यक्ति ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कब्जा कर लिया और बाउंड्रीवाल बनानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और अभद्रता की, जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने एसडीएम से मिलकर मामले की शिकायत की है। एसडीएम ने जेवर थाना प्रभारी को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो