फर्जी दस्तावेज से मुकदमा दर्ज करा पांच लाख की मांग का आरोप
ग्रेटर नोएडा। हबीबपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर फर्जी दस्तावेज के जरिये मुकदमा दर्ज कराकर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित कर्मवीर का आरोप है कि उनका जमीन से जुड़ा मामला गीता नाम की महिला से चल रहा था। मामला वर्ष 2012 को आपसी सहमति से समाप्त हो गया था। कर्मवीर ने आरोप लगाया कि भरत सिंह ने पीड़ित से अवैध लाभ लेने की नीयत से गीता व ममता के नाम से झूठी कहानी बनाकर 2016 को नए प्रार्थना पत्र दाखिल कराए। इसमें खुद को अधिवक्ता बताते हुए भरत सिंह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़ित के खिलाफ दोबारा वाद दर्ज करा दिया। जब कर्मवीर ने भरत सिंह से इस संबंध में बातचीत की तो भरत सिंह ने पिछले साल दिसंबर को बीटा-2 स्थित लारा कोर्ट परिसर में पांच लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी। ब्यूरो