माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते परिवार ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सतेन्द्र निवासी गांव लडपुरा ने तहरीर बताया कि तीन फरवरी को गांव के ही विरेन्द्र, ललित, राजवीर और उदयवीर उनके घर पहुंचे और बिना कारण गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से सतेन्द्र, उनके पिता जगपाल सिंह और पत्नी ज्योती से मारपीट की। बीचबचाव करने आईं सतेन्द्र की मां कमलेश देवी, बहन सिमरण, चाचा जसराम को भी मारा। पत्नी ज्योती के इस दौरान कपड़े तक फट गए और उसे चोटें आईं हैं। वहीं हमले में चाचा बेहोश हो गए, जिन्हें परिजनों ने जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार ने पुलिस को शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।