नोएडा। दिल्ली से लाकर नोएडा में प्रतिबंधित ई-सिगरेट सप्लाई करने के आरोपी तस्कर को कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 600 रुपये व 37 ई-सिगरेट बरामद हुए हैं। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस सेक्टर-77 सब्जी मंडी से सेक्टर-78 की ओर गश्त कर रही थी। तभी संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविन्द्र कुमार चौरसिया, निवासी प्रतापगढ़ बताया है। फिलहाल वह सरफाबाद, सेक्टर-73, नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आरोपी ने सेक्टर-75 में खोखा खोला हुआ है। इसी की आड़ में ई-सिगरेट की सप्लाई करता था। ब्यूरो