दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र के सैंथली मंडैया तिराहे के पास पुलिस ने जांच के दौरान रोशनपुरा निवासी दीपांशु को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गांवों के जंगलों में सुनसान स्थानों पर लगे ट्यूबवेल की मोटरों की रेकी कर रात में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर करीब पांच लाख रुपये कीमत की चोरी की 17 समरसेबल मोटर, 21 पानी के पंखे, दो मोटर राउटर, साढ़े चार किलो तांबे का तार, पांच किलो नट-बोल्ट और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी ने बताया कि चोरी का सामान सुरक्षित स्थान पर जमा करने के बाद मौका मिलने पर बेच देता था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।