1.80 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। कंपनी का फर्जी इनवॉयस बनाकर 1.80 करोड़ रुपये का जीएसटी क्लेम कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है। आरोपी की पहचान बिसरख निवासी अभिनव त्यागी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल, आठ सिम कार्ड और फर्जी रेंट अनुबंध संबंधी कागजात बरामद किए हैं। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि कुछ दिन पहले एक कंपनी की तरफ से साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था कि उनके यहां अकाउंट विभाग में काम करने वाला अभिनव अपने साथी के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा कर रहा है। उसने कंपनी के मालिक का विश्वास जीतकर तमाम दस्तावेजों में अपना नंबर और ई मेल डाल दिया था। इसके बाद कंपनी का फर्जी रेंट एग्रीमेंट तैयार किया और अपनी कंपनी बना ली। यह कंपनी केवल कागजों में थी। इस कंपनी पर उसने 1.80 करोड रुपये का जीएसटी क्लेम कर धोखाधड़ी कर ली। पैसा ट्रांसफर होने के बाद वह कंपनी से फरार हो गया। ब्यूरो