दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के जारचा गांव स्थित कब्रिस्तान में हरे-भरे पेड़ काटने और घेराबंदी क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस संबंध में पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जारचा निवासी परवेज आलम के अनुसार, गांव के कब्रिस्तान में मुस्लिम समुदाय के लोगों को लंबे समय से दफनाया जाता रहा है। यहां पुरानी और नई कब्रें मौजूद हैं। आरोप है कि 10 अक्टूबर को करीब आधा दर्जन लोग कब्रिस्तान में खड़े हरे-भरे पेड़ काटकर ले गए। साथ ही, सुरक्षा के लिए लगाई गई तारों की घेराबंदी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे का आरोप भी लगाया गया है। इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि मामले की जांच कर एक सप्ताह में निस्तारण कराया जाएगा।