ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर डेल्टा-1 स्थित डेल्टा सिटी सेंटर में बिना एनओसी और कंप्लीशन सर्टिफिकेट के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने के मामले में सेक्टर निवासी प्रमोद भाटी ने प्राधिकरण में शिकायत की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण के प्रभारी जीएम नियोजन सुधीर कुमार ने संबंधित बिल्डर स्टार्टल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक को पत्र भेजकर जवाब मांगा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इमारत का निर्माण अभी अधूरा है, इसके बावजूद यहां पूरी मार्केट संचालित हो रही है। बिल्डिंग में फायर एनओसी और कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं होने का भी दावा किया गया है। प्राधिकरण ने बिल्डर को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता व प्राधिकरण को जवाब देने के निर्देश दिए हैं।