ग्रेटर नोएडा। तुगलपुर गांव में रविवार दोपहर निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल से ईंट गिरने से दो मासूम भाई-बहन घायल हो गए। घायल बच्चों का उपचार कैलाश अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार तुगलपुर गांव में फहीम अपने परिवार के साथ किराये पर रहता है। उसके घर के बगल में एक व्यक्ति मकान का निर्माण करा रहा है। पहली मंजिल का लेंटर पड़ने के बाद रविवार को दूसरी मंजिल पर काम चल रहा था। दोपहर करीब 2 बजे कामगार ईंटें ऊपर चढ़ा रहा था। इसी दौरान उसने ईंटें सिर पर उठाकर ऊपरी मंजिल पर फेंकीं। अचानक एक ईंट हाथ से छूटकर नीचे आ गिरी। उसी वक्त नीचे से गुजर रहे फहीम का बेटा अहाद और बेटी आयत इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों मासूम लहूलुहान हो गए। पीड़ित परिवार ने घटना को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ब्यूरो