ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी के मिहिर भोज इंटर कॉलेज में अभ्युदय कोचिंग केंद्र बनेगा। इसमें अब देहात के बच्चे भी एक दिवसीय परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। प्रशासन केंद्र को बनाने की तैयारी में जुटा है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग केंद्र बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने समाज कल्याण विभाग को केंद्र बनाने निर्देश दिए हैं। अब नोएडा के अलावा दादरी में मिहिर भोज इंटर कॉलेज में एक दिवसीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। यूपीएससी, यूपीपीएससी, एईईटी, एनडीए, सीडीएस में से किस किस परीक्षाओं की कोचिंग दी जाएगी। इसको लेकर विभागीय स्तर पर मंथन चल रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि कोचिंग केंद्र बनाने को मंजूरी हो गई है। इस केंद्र पर किन-किन एक दिवसीय परीक्षाओं की तैयारियां की जाएगी। इसको लेकर विचार-विमर्श चल रहा है। इस साल सेंटर चालू कर दिया जाएगा।