लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट से कैंपेन की शुरुआत की, लोगों ने लिखे संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को ‘जेल का जवाब वोट से’ हस्ताक्षर कैंपेन शुरू किया। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी कुलदीप कुमार और जंगपुरा से आप विधायक प्रवीण कुमार ने इसकी शुरुआत की। लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट से शुरू हुए कैंपेन में लोगों ने भी हिस्सा लिया और ‘आई लव यू केजरीवाल, मिस यू केजरीवाल जैसे संदेश लिखकर भावनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मुफ्त व 24 घंटे बिजली, पानी, अच्छे स्कूल-अस्पताल समेत ढेरों काम किए हैं। मुख्यमंत्री को जेल में डाले जाने से लोगों में आक्रोश है। जेल में केजरीवाल को इंसुलिन न देकर परेशान किया गया। लोग 25 मई को भाजपा को दिल्ली से उखाड़ने का काम करेंगे। विधायक प्रवीण कुमार ने कहा कि केजरीवाल को जेल में डालकर गलत किया गया है।