नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर आप ने दिल्ली में गायों की दयनीय हालत को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है। बुधवार को प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में अनोखा कैंपेन चलाते हुए गाय को सांकेतिक तौर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास तक पैदल मार्च में साथ ले जाकर सवाल उठाया गया कि इन्हें अपना घर कब मिलेगा। इस मौके पर आप कार्यकर्ताओं ने रास्ते में मिलने वाली कई गायों को पट्टा पहनाया जिस पर लिखा था कि गाय माता प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दे रही हैं और भाजपा से पूछ रही हैं कि उन्हें सुरक्षित घर कब मिलेगा। भारद्वाज ने कहा कि अब कोई बहाना नहीं बचा है। दिल्ली में चार इंजन की सरकार है। गाय पकड़ने वाली टीम से लेकर गोशालाओं के लिए फंड देने तक की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है तो फिर गायों को घर क्यों नहीं मिल रहा। ब्यूरो