युवक से 46 हजार रुपये की ठगी
ग्रेटर नोएडा। साइबर अपराधियों ने डॉक्टर के मोबाइल नंबर को हैक कर परिचितों को मैसेज भेजकर 46 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने घटना की शिकायत सूरजपुर कोतवाली पुलिस व नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई है। जीटा-1 निवासी सुमित विरदी ने बताया कि वह नॉलेज पार्क-3 स्थित ऑफिस में काम कर रहे थे। तभी उनके परिचित डॉ. शैलप्रिया के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर लगातार संदेश आने लगे। संदेश में तत्काल पैसों की जरूरत बताते हुए दो घंटे में लौटाने की बात लिखी थी। साथ ही एक अन्य नंबर पर पैसा ट्रांसफर करने को कहा गया। सुमित ने भरोसा कर तत्काल पेटीएम के जरिए 46 हजार रुपये भेज दिए। कुछ देर बाद उसी नंबर से और ज्यादा रकम की मांग की जाने लगी। शक होने पर उन्होंने डॉ. शैलप्रिया से संपर्क किया तो पता चला कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो चुका है और उनके कई परिचितों को इसी तरह के मैसेज भेजे जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो