संवाद न्यूज एजेंसी कोटखाई (रोहड़ू)। चकनोटी गांव के गांधीनगर में सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे एक मकान में आग लग गई। इस घटना में लायक राम का तीन मंजिला लकड़ी का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग से घर के अंदर को कोई सामान नहीं बचाया जा सका। घटना के समय लायक राम और उनकी पत्नी घर में सोए हुए थे। उनका बेटा सुंदर अपने परिवार समेत ससुराल गया हुआ था। बताया जा रहा है कि आग रसोईघर से भड़की। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन सड़क सुविधा न होने के कारण दमकल विभाग का बड़ा वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। छोटे दमकल वाहन और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन 12 कमरों का तीन मंजिला भवन पूरी तरह से जल गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। भवन मालिक लायक राम ने बताया कि इस हादसे में लगभग 90 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से घर का पूरा सामान जल कर राख हो गया। एसडीएम गुरमीत नेगी ने बताया कि मकान एकांत में था। प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 30 हजार रुपये की राहत दी गई है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर नुकसान का जायजा ले रही है।