ग्रेटर नोएडा (संवाद)। यूपी राज्य चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर रविवार को राज्यस्तरीय निरीक्षण दल ने जिम्स में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। टीम ने बुनियादी ढांचे, मानव संसाधन, चिकित्सकीय उपकरणों, रोगी कार्यभार और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन मूल्यांकन किया। मरीजों को मिलने वाली ओपीडी, आईपीडी, जांच सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का भी अवलोकन किया। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित समीक्षा की जा रही है। टीम ने मरीजों से भी बातचीत कर उपचार और सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। इस अवसर पर जिम्स के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अतुल गुप्ता, एमएस कर्नल बृज मोहन आदि मौजूद रहे।