तीन महिलाओं समेत 7 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
दादरी संवाद।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के कलौंदा गांव निवासी विवाहिता के साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया गया। विवाहिता ने तीन महिलाओं समेत 7 के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जारचा कोतवाली क्षेत्र के कलौंदा गांव निवासी राजाराम की पुत्री आरती की शादी 12 मार्च 2024 को हिंदू रीति रिवाज से मेरठ के खरदौनी गांव निवासी दीपक चौहान के साथ हुई थी। शादी में आरती के परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन बाद विवाहिता को पसंद न करने एवं दान-दहेज से खुश नहीं होने के चलते प्रताड़ित करने लगे। मायके वालों ने समझाया बुझाया। घटना की शिकायत डायल 112 पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया। एक जनवरी को पति और परिजनों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से भगा दिया। विवाहिता अपने मायके आ गई। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर दीपक चौहान, सोमवीर, अभिषेक, पूनम, सलोनी, मोनी और सतीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।