ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जीटा-1 स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से रविवार को श्री राधा-कृष्ण शोभायात्रा निकाली गई। जगत फार्म पुलिस चौकी से शाम चार बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। मीडिया प्रभारी बादरायण दास ने बताया कि भगवान राधा-कृष्ण की झांकी के साथ भक्तों ने भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन किया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया। इस्कॉन मंदिर में तीन और चार सितंबर को जन्माष्टमी तथा पांच सितंबर को श्रील प्रभुपाद प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा।