लोनी। बुलंदशहर के रामघाट स्थित ऊंचा गांव बांगर निवासी रामपाल सिंह ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बैक होते ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा 26 अगस्त की शाम का है। अस्पताल में इलाज के बाद उनके बेटे संदीप ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ 13 सितंबर की रात मुकदमा दर्ज कराया है। संदीप ने मुकदमे में बताया कि उनके पिता रामपाल सिंह रोजगार की तलाश में 26 अगस्त को ट्रॉनिका सिटी आए थे। शाम करीब 6:30 बजे वह रामपार्क कॉलोनी स्थित धर्म कांटे के पास खड़े थे। इस दौरान ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन को बैक करते समय पिता को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता का बायां पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एमएमजी अस्पताल से उन्हें रेफर कर दिया गया। कुछ दिन तक निजी अस्पताल में इलाज चला। पिता को घर लाने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही ट्रक चालक को हिरासत में लिया जाएगा।