-सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार सोसाइटी की घटना, आरडब्ल्यूए से की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार में सीजीएचएस (सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) डिस्पेंसरी के पास साइकिल चला रहे बच्चे पर लावारिस कुत्तों ने हमला कर दिया। वहां से जा रही युवती ने कुत्तों को भगाया। मामले की शिकायत आरडब्ल्यूए से की गई है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कृष्णा त्यागी ने बताया कि रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक बच्चा साइकिल चला रहा था। इसी दौरान कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। हाथ में छड़ी लेकर टहल रही युवती वहां से गुजरी। छड़ी की मदद से युवती ने कुत्तों को भगाया। अध्यक्ष ने बताया कि सेक्टर में लावारिस कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। आए दिन लावारिस कुत्ते राहगीरों पर झपटते हैं। इस संबंध में प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग से भी शिकायत की गई है।