यमुना सिटी (संवाद)। जेवर के थोरा गांव में बुधवार को चाचा के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे भतीजे को सांप ने डस लिया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, लंबे समय से बीमार चल रहे रिटायर्ड शिक्षक वरींद्र सिंह के निधन के बाद परिवार शोक में डूबा था। दोपहर तक अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान उनके भतीजे मोहन सिंह (48) अपने पिता के साथ घर के पास उपले निकालने गए। जहां सांप ने उन्हें डस लिया। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते और उन्हें अस्पताल ले जाते तब तक मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि एक ही घर में दो मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।