ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ईटा-दो स्थित मिगसन विलासा सोसायटी में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। पांच साल के बच्चे को शनिवार को बंदर ने काट लिया। घटना के बाद से अभिभावकों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि परिसर में बंदरों और कुत्तों की मौजूदगी के कारण बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मिगसन विलासा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के महासचिव मुकुल गंभीर ने बताया कि पिछले एक महीने से निवासी इस समस्या से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि सोसायटी में कई बार इनके हमले और काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बंदरों के डर से बच्चे पार्क और परिसर में खेलने जाने से घबराते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है।