ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित एटीएस हैप्पी ट्रेल्स सोसाइटी के पास खुला नाला। स्रोत निवासी
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित एटीएस हैप्पी ट्रेल्स सोसाइटी के बाहर खुले नाले, टूटी सड़क और सड़क किनारे फैली गंदगी की समस्या से लोग परेशान हैं। सोसाइटी के निवासी आलोक तिवारी ने मंगलवार को इसकी शिकायत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस को दी। उन्होंने समस्याओं की तस्वीरें भी भी साझा कीं। निवासी रंजीत मलिक और आलोक तिवारी ने बताया कि सोसाइटी के बाहर लंबे समय से खुला नाला, क्षतिग्रस्त ड्रेनेज और सड़क किनारे जमा मिट्टी और गंदगी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हाल ही में खुले नाले में एक कार गिर गई थी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत में प्राधिकरण से तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। पहली, सेक्टर-10 में खुले नाले को ढकने का काम कराया जाए। दूसरी, एटीएस हैप्पी ट्रेल्स सोसाइटी के सामने क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। तीसरी एटीएस हैप्पी ट्रेल्स से अमात्रा सोसाइटी तक खराब सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जाए।