ग्रेटर नोएडा (संवाद)। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत नियोक्ताओं और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि वितरण के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभागार में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और दादरी विधायक तेजपाल सिंह नगर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ा रहेगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। योजना का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना और नए रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अनुसार क्षेत्र में 3,165 प्रतिष्ठान योजना से जुड़े हैं। अब तक 79 हजार से अधिक प्रथम बार नौकरी पाने वाले कर्मचारी और 2.60 लाख से अधिक पुनः रोजगार प्राप्त कर्मचारी योजना का लाभ उठा चुके हैं।