रमजान में 24 घंटे बिजली-पानी की आपूर्ति की मांग
नूंह। रमजान के महीने में पर्याप्त बिजली और पानी नहीं मिलने आने से इलाके के लोगों में सरकार के प्रति रोष है वहीं रोजा रखने वाले और विरोधी पार्टियों ने भी सरकार और प्रशासन को कोसा। पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद, कांग्रेस नेता मामन खां इंजीनियर, पूर्व गृह मंत्री सरदार खां के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ऐजाज खान ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तब रमजान के महिने में 24 घंटे बिजली पानी दी जाती थी लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से हर वर्ग दुखी है। यहां तक रमजान के महीने में भी मेवात के लोगों को पर्याप्त बिजली-पानी नहीं दिया जा रहा है, जबकि इस बारे में बार-बार प्रशासन के मार्फत सरकार को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जिले में बिजली व पानी जैसी जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं होने से इस भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नासिर हुसैन अडबर ने कहा कि सरकार को तुरंत 24 घंटे बिजली पानी की आपूर्ति शुरू कर देनी चाहिए। अगर जल्द शुरू नहीं की गई तो जेजेपी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।