फोटो----------
छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का किया समाधान
जेएसएस : ध्यानपूर्वक फॉर्म भरने की सलाह, अंतिम तारीख बढ़ाने का भी आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। प्रदेश छात्रवृत्ति योजना की सेक्टर-62 के जेएसएस अकादमी में छात्रों को जानकारी दी गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी आनंद कुमार ने छात्रों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया। इस मौके पर जेएसएस अकादमी, एमजीएम, आईएमएस के छात्रों ने बताया कि छात्रवृत्ति फॉर्म में माता-पिता दोनों का आधार नंबर भरना अनिवार्य है। लेकिन जिन छात्रों के पिता या मां जीवित ही नहीं हैं, वह इसे भरने में असमर्थ हैं। वहीं, कॉलम अनिवार्य होने के कारण इसे भरे बिना फॉर्म जमा नहीं कर सकते हैं। छात्रों ने जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नामांकन संख्या सहित कई परेशानियां सामने रखीं। अधिकारी ने समस्याओं को सुनने के बाद छात्रवृत्ति फॉर्म की अंतिम तारीख बढ़ाने का आश्वासन दिया। अभी अंतिम तारीख 31 अगस्त है। जेएसएस के प्राचार्य डॉ. जीएम पाटिल ने कहा कि होनहार छात्र जो आर्थिक कारणों से परेशान हैं, उन्हें छात्रवृत्ति से बड़ी मदद देती है। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरते वक्त छात्र छोटी छोटी गलतियां करते हैं। जिससे उनका आवेदन निरस्त हो जाता है। छात्रों को सर नेम आदि हाईस्कूल मार्कशीट के अनुसार ही भरने चाहिए। डाटा मैच न करने से भी कई बार फार्म निरस्त हुए हैं।