बाल मजदूरी करते 8 व भीख मांगते 3 बच्चों को किया रेस्क्यू
नूंह। जिले में बाल मजदूरी रोकने के लिए राज्य अपराध शाखा और चाइल्ड हेल्पलाइन सर्विस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बाल मजदूरी करने वाले बच्चों को रेस्क्यू किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को राज्य हेल्पलाइन और चाइल्ड लाइन सर्विस द्वारा नूंह शहर में अभियान चलाया गया। इस दौरान कस्बे से 8 बच्चों को बाल मजदूरी करते और 3 बच्चों को भीख मांगते पकड़ा गया हैा। राज्य अपराध शाखा गुरुग्राम से हेड कांस्टेबल सचिन और संजय ने नूंह थाने की टीम के सहयोग से नूंह शहर में बिल्डिंग, मोटरसाइकिल मैकेनिक, वैल्डिंग शॉप और ढाबे पर पाए गए बच्चों को रेस्क्यू किया। इसके अलावा चाइल्ड लाइन की टीम द्वारा कस्बे से 3 बच्चों को भीख मांगते हुए भी रेस्क्यू किया गया। जिन्हें बाल कल्याण समिति नूंह के समक्ष पेश किया गया है। समिति ने बच्चों से मजदूरी कराने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। समिति के चेयरमैन राजेश छोक्कर ने कहा कि बच्चों से मजदूरी कराना कानूनी अपराध है। इस अपराध के लिए संबंधित दुकानदार के साथ बच्चे के माता-पिता भी बराबर के दोषी हैं। वे बच्चों से मजदूरी कराकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। चाइल्ड लाइन की जिला कॉर्डिनेटर ऐनी, सदस्य सागर और नरेश ने बच्चों के माता पिता को समझाया कि उनसे भीख मंगवाना कानूनी अपराध है। यदि उन्होंने बच्चों से भीख मंगवाई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।