फिरोजपुर झिरका। पुलिस की अपराध शाखा टीम ने शुक्रवार को तिजारा जाने वाले मार्ग पर एसयूवी से 8 पेटी अवैध शराब सहित तस्कर को दबोचा है। आरोपी की पहचान रमेश कुमार निवासी फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। सीआईए के प्रभारी एएसआई कल्लू खां ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि शराब तस्कर तिजारा मार्ग से होते हुए काले रंग की गाड़ी में शराब लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर तिजारा मार्ग पर नाकेबंदी की गई। इसी बीच पुलिस को एक स्कार्पियो गाड़ी आती दिखी जिसे रुकवाने का प्रयास किया तो उसमें बैठे लोगों ने पुलिस को देखकर गाड़ी को भगा लिया। सीआइए के जवानों ने गाड़ी का पीछा कर उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने उनमें से एक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो शराब को भिवाडी से लेकर फिरोजपुर झिरका में बेचने के लिए ला रहे थे। प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।