मरीज बढ़े, गैलरी में डाले गए बेड
नोएडा। जिला अस्पताल में वायरल के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने सर्जरी वार्ड में भी अतिरिक्त बेड डाल दिए हैं। मंगलवार को सभी बेड लगभग फुल हो गए। इमरजेंसी में भी मरीजों का आंकड़ा बढ़ गया। यहां पर भर्ती मरीजों की स्थिति में सुधार आने पर उनको वार्ड में शिफ्ट किया गया। इससे इमरजेंसी के बेड थोड़े खाली हुए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अगर बेड बढ़ाने की जरूरत पड़ेगी तो संख्या बढ़ाई जाएगी। पिछले एक हफ्ते में अस्पताल में बुखार, टाइफाइड, मलेरिया के मरीजों का आंकड़ा बढ़ गया है। ओपीडी तीन हजार से अधिक हो गई है। इसमें 50 प्रतिशत मरीज सिर्फ बुखार के हैं। इस वजह से अस्पताल प्रशासन ने अलग से फीवर ओपीडी भी शुरू की है। मेडिसिन वार्ड के सभी बेड फुल हो गए थे। इस वजह से अस्पताल प्रशासन को सर्जरी वार्ड में अतिरिक्त बेड डालने पड़े, ताकि मरीजों को भर्ती किया जा सके। वहीं, मेडिसिन वार्ड की गैलरी में भी अतिरिक्त बेड डाल दिए गए हैं। ब्यूरो