पांचवें योग दिवस की तैयारियां शुरू
नूंह। जिले में पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले के एडीसी ने इस बाबत बृहस्पतिवार को नूंह में अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस बारे में अतिरिक्त उपायुक्त राहुल हुड्डा ने बताया कि जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पंतजलि योग समिति के योग शिक्षक, खेल विभाग के योग प्रशिक्षक एवं आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा चुका है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तर, खंड स्तर, ब्लॉक स्तर, पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयुष विभाग के डॉ. यशवीर गहलावत ने बताया कि अगला तीन दिवसीय प्रशिक्षण एक जून से तीन जून तक जिले के सभी स्कूलों में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि 9 जून से 11 जून तक आयोजित प्रशिक्षण में उप-मंडल और ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक अधिकारी, पंच, सरपंच, पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों, एनसीसी के कैडेट, स्काउड कैडेट एवं इच्छुक जन साधारण को योग विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा 13 जून से 15 जून तक भी शिविर का आयोजन किया जाएगा।