बीएससी बॉटनी के लिए 56 प्रतिशत अधिक आवेदन आए
- दाखिले की राह मुश्किल, 225 सीटों पर अब तक 351 छात्रों ने किया आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कॉलेजों में बीएससी बॉटनी में दाखिले की राह छात्रों के लिए मुश्किल होने जा रही है। इसकी कुल सीटों पर अब तक 56 प्रतिशत ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। कॉलेज प्रबंधकों का मानना है कि कोविड के बाद बॉटनी में छात्रों की रूचि बढ़ी है। इसलिए अभी यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
इधर बीए, बीकॉम व बीएससी गणित व कंप्यूटर साइंस में उम्मीद से भी कम आवेदन आए हैं। ऐसे में इन कोर्स की सीटें खाली रह सकती हैं। विश्वविद्यालय के कॉलेजों में 20 मई से स्नातक के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई थी। शुरुआत में बहुत कम आवेदन आए थे। अब धीरे-धीरे आवेदनों की गति बढ़ने लगी है। नोएडा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी बॉटनी की 15 सीटों पर 83, कु. मायावती डिग्री कॉलेज में 30 सीटों पर 105, मिहिर भोज में 120 सीटों पर 141 आवेदन आए हैं।
मेट्रो कनेक्टिविटी होने की वजह से छात्र सेक्टर-39 स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दाखिला लेने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि यहां बीएससी गणित की 50 प्रतिशत सीटों पर भी आवेदन नहीं आए हैं। मेरठ व सहारनपुर मंडल के उच्च शिक्षा अधिकारी व स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर के गुप्ता ने बताया कि कोविड के बाद से बीएससी बॉटनी में छात्रों की रुचि बढ़ी है। इसमें धीरे-धीरे आवेदन और बढ़ने की उम्मीद है।
तीन सरकारी व एक अर्द्धसरकारी कॉलेज में आवेदन की स्थिति
कोर्स
सीट
आवेदन
बीएससी बायोलॉजी
225
351
बीएससी गणित
240
124
बीएससी कंप्यूटर साइंस 30 28
बीकॉम
300
30
बीए
1100
890