महाठगों के रडार पर थे 50 हजार अमेरिकी नागरिक, लगेगा गैंगस्टर
- डार्क वेब से जुटाया विदेशी नागरिकों का डाटा, एसटीएफ ने किया बरामद
- हर माह औसत डेढ़ करोड़ की करते थे ठगी, संपत्ति चिह्नित करेगी पुलिस
जेपी शर्मा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी और गाजियाबाद की विंडसर सोसाइटी के फ्लैट में कॉल सेंटर चलाने वाले महाठगों के रडार पर 50 हजार अमेरिकी नागरिक थे। एसटीएफ ने कॉल सेंटर से 50 हजार अमेरिकी नागरिकों का डाटा नाम, मोबाइल नंबर आदि बरामद किया है। आरोपी एक माह में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करते थे। चार साल में आरोपी लगभग 70 करोड़ की ठगी कर ऐश कर रहे थे। अब पुलिस आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने के लिए गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर रही है।
एसटीएफ के हत्थे चढ़ा एमबीए पास मुख्यारोपी अंकुर गुप्ता डार्क वेब कॉल जेनरेटिंग हैकर्स से संपर्क कर डाटा जुटाता था। डाटा की मदद से ही आरोपी अमेरिकी नागरिकों को बीमा पॉलिसी और मोबाइल बैंकिंग की विभिन्न समस्या दूर करने में मदद का झांसा देकर ठगी का शिकार बना रहे थे। चार साल में आरोपियों ने ठगी की रकम से लग्जरी कार व फ्लैट आदि खरीद लिए। आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन की भी पुलिस व एसटीएफ जांच कर रही है। जिससे गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पुलिस पहुंचने का प्रयास करेगी।
ग्रेनो वेस्ट की साेसाइटी की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
आरोपी चार साल गाजियाबाद व ग्रेनो वेस्ट की अलग-अलग सोसाइटियों में लोकेशन बदल बदलकर कॉल सेंटर संचालित कर विदेशियों से करोड़ों की ठगी कर चुके हैं। आरोपी बेखौफ किराये पर फ्लैट लेकर ठगी करते रहे, लेकिन चार साल तक पुलिस और निवासियों को इसकी भनक नहीं लगी। अमेरिका निवासी पीड़ितोें की शिकायत के बाद एसटीएफ व पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन तलाश कर कार्रवाई की। ग्रेनो वेस्ट में जिस फ्लैट में कॉल सेंटर पकड़ा गया, वह दिल्ली की रहने वाली प्रिया जैन का बताया गया है। प्रिया जैन से आरोपी अंकुश सिंह ने ये फ्लैट सितंबर में किराये पर लिया था।
सोसाइटियों में चलेगा अभियान:
कॉल सेंटर संचालित कर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों में अभियान चलाकर जांच की जाएगी कि इस तरह के कॉल सेंटर या फिर कोई अन्य अवैध गतिविधियां कहीं और तो संचालित नहीं हो रहीं। निवासियों को भी ऐसी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
- सुनीति, डीसीपी सेंट्रल जोन