- एसबीआई जनरल इंश्योरेंस से करार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता के माध्यम से कार्यरत करीब 4800 कर्मियों को बड़ी राहत देते हुए मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा लागू कर दी है। प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश की मंजूरी के बाद योजना प्रभावी हो गई है। इस योजना के तहत एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के साथ करार किया गया है। प्रत्येक कर्मी को सालाना 5 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर मिलेगा, जिसमें कर्मी के साथ उसके पांच आश्रित भी शामिल होंगे। प्राधिकरण प्रति कर्मी करीब 10 हजार रुपये का सालाना प्रीमियम वहन करेगा। बीमा लागू होते ही कर्मियों को पहले दिन से इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें गंभीर बीमारियों का उपचार भी शामिल है और एनसीआर के कई अस्पतालों में कैशलैस सुविधा उपलब्ध होगी। ईएसआई सीमा से बाहर होने के कारण कर्मचारी अब तक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित थे। बोर्ड बैठक में मंजूरी के बाद अब यह योजना लागू कर दी गई है।