यमुना सिटी (संवाद)। ब्लॉक संसाधन केंद्र जेवर में बृहस्पतिवार को समावेशी शिक्षा के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें जेवर ब्लॉक के आंगनवाड़ी केंद्रों की 44 कार्यकर्ता भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य छोटे बच्चों में दिव्यांगता की पहचान और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को जागरूक करना है। प्रशिक्षण में शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं के लक्षण पहचानने की जानकारी दी गई। साथ ही, ऐसे बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के बारे में बताया गया। कार्यकर्ताओं को दिव्यांगता पहचान पत्र, पेंशन, एस्कॉर्ट अलाउंस और जरूरत के अनुसार मिलने वाले सहायक उपकरणों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त मुदगल के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।