दिवाली पर खाद्य विभाग की टीम का मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। टीमों ने अलग-अलग जगहों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के 7 नमूने लिए और उनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। वहीं दो जगह पर दूषित रसगुल्ले भी मिले। उनमें मक्खियां पड़ी थी। कुल 400 किग्रा रसगुल्ले नष्ट कराए गए। वहीं संदिग्ध होने पर 450 किग्रा बूंदी सीज की है। वहीं रसूलपुर नवादा नोएडा स्थित सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला में गंदगी मिली है। विभाग ने उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की है।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता व रितु सक्सेना की टीम ने गढ़ी चौखंडी सेक्टर 121 नोएडा स्थित गणेश स्वीट निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का एक नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह व अमर बहादुर सरोज की टीम ने बिलासपुर दनकौर स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला से छेना व रसगुल्ला का एक-एक नमूना लिया। यहां 100 किग्रा रसगुल्ला में मक्खी व मच्छर मरे मिले।
दूषित होने पर रसगुल्लों को नष्ट कराया गया। उधर नोएडा के बिशनपुरा में सोनू मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का एक नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार व विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-62 रसूलपुर नवादा नोएडा स्थित सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला से रसगुल्ला, बूंदी लड्डू और बूंदी का एक-एक नमूना लिया। यहां 450 किग्रा बूंदी को सीज किया गया।
साथ ही 300 किग्रा दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए है। यहां पर साफ सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब थी। इस कारण उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की है। तब तक व्यवसाय संचालन पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों को हिदायत दी गई कि लोग खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंसी व पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से ही खरीदें और बिल अवश्य लें।