फिल्म स्पेशल-26 से प्रभावित होकर फर्श बाजार में जूलर को धमकाकर ली रकमसीबीआई का फर्जी परिचय पत्र, वॉकी-टॉकी व महिला को साथ लेकर गए थे
-
500 ग्राम सोना भी जूलर से लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका में सेक्टर-8 निवासी संदीप भटनागर फिल्म स्पेशल-26 को कई बार देखकर इतना प्रभावित हो गया कि उसने पैसे ऐंठने की साजिश रच डाली। वह साथियों के साथ फर्जी सीबीआई अफसर बनकर फर्श बाजार स्थित जूलर के यहां पहुंच गया। आरोपियों के पास सीबीआई के फर्जी परिचय पत्र व वॉकी-टॉकी भी थे। साथ में एक महिला थी। आरोपियों ने जूलर को सोने की तस्करी करने की बात कहते हुए धमकाया और मामले को रफादफा करने के लिए एक करोड़ रुपये मांगे। डरकर जूलर ने उन्हें 40 लाख रुपये व 500 ग्राम सोना दे दिया। हालांकि, शिकायत मिलने के बाद अपराध शाखा की टीम ने संदीप भटनागर (48), पवन (47), योगेश कुमार (58) और हिमांशु उर्फ दिनेश उर्फ बबूल (34) को गिरफ्तार कर लिया।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि फर्श बाजार में जूलर हरप्रीत सिंह ने 17 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी थी कि एक महिला समेत छह लोग दुकान में घुस गए और शटर अंदर से बंद कर दिया। आरोपियों ने कहा कि वह सोने के अवैध कारोबार में लिप्त है। आरोपियों ने केस खत्म करने के लिए एक करोड़ रुपये मांगे। इसके बाद उसने आरोपियों को 40 लाख रुपये व 500 ग्राम सोना दे दिया। आरोपी जाते हुए दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। आरोपियों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर लिछमन की देखरेख में एसआई देवेंद्र, हवलदार सूर्या प्रकाश, हवलदार सोहित व महासिंह की टीम को लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपियों की पहचान हो गई।इसके बाद पुलिस ने सरगना संदीप, उत्तम नगर निवासी पवन गुप्ता, योगेश कुमार व वाजिदपुर ठकरान निवासी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। संदीप समेत सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। संदीप सीबीआई अफसर बना था। महिला को इसलिए साथ ले गए थे, ताकि पीड़ित को विश्वास हो जाए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 लाख रुपये, 104 ग्राम सोना, दो डीवीआर व पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।