एक साल से ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रही महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया
ग्रेटर नोएडा। साइट फोर स्थित एक अस्पताल के डॉक्टरों ने दो साल से ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रही जयपुर की 33 वर्षीय महिला की सुरक्षित तरीके से डिलीवरी कराई है। इस समय जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है। महिला में एक साल पहले फेफड़ों में घाव और रक्त में ऑक्सीजन की कमी का पता चला था। तभी से वह स्टेरॉयड और घरेलू ऑक्सीजन सपोर्ट पर जीवित हैं।
डॉ. राखी गुप्ता ने बताया कि महिला को गर्भावस्था के बारे में छठे माह में पता चला था और इसी साल अगस्त में बच्चे के जन्म होने की तारीख मिली। परिजन ने जयपुर और दिल्ली समेत कई शहरों के बड़े अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए के लिए परामर्श लिया, लेकिन प्रकरण की जटिलता को देखते हुए इलाज करने से इन्कार कर दिया। मरीज के परिवार ने प्रसव तक इलाज जारी रखने की अपील की। इस पर महिला को समय से पहले प्रसव पीड़ा हुई। डॉ. राखी गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता और स्पाइनल एंड एनेस्थीसिया एक्सपर्ट डॉ. भूप सिंह ने ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के दौरान बच्ची 1.950 किग्रा वजन की हुई। ऑपरेशन के बाद की देखभाल में महिला बिना किसी जटिलता के ठीक हो गई और उसके बच्चे को नवजात शिशु वार्ड के डॉक्टरों ने स्वस्थ घोषित कर दिया।