विकासनगर मुख्य बाजार में ज्वेलरी शॉप से आभूषण के करीब करती महिलाएं। संवाद
धनतेरस से पारंपरिक बाजार फिर से चमक उठे हैं। विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर और सेलाकुई में करीब 30 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। ज्वलेरी शॉप, बर्तनों की दुकानों और वाहनों के शोरूम पर खरीदारी के लिए देर शाम तक लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने इलेक्ट्रोनिक्स और इलेक्ट्रिकल्स उत्पादों की भी जमकर खरीद की। विकासनगर और सेलाकुई के बाजारों में सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। सिनेमा गली, 28 फुटा रोड, पहाड़ी गली और अन्य स्थानों पर केवल दुकानों में लोग खरीदारी के लिए उमड़ रहे थे। 450 बाइक और स्कूटर की एडवांस बुकिंग हो रखी थी। देर शाम तक पछवादून के विभिन्न कंपनियों के शोरूम में 1948 बाइक और स्कूटर की खरीद की गई। ऑटोमोबाइल कारोबारी राजीव चावला, रोहित अग्रवाल, रणदीप गुलेरिया ने बताया कि जीएसटी की दरों में बदलाव से लोग बाइक और स्कूटर की खूब खरीब कर रहे हैं। बर्तन कारोबारी रवि अग्रवाल, सचिन डंग और सुशील अग्रवाल ने बताया कि स्टील के बर्तन अब भी लोगों की पहली पसंद है। लोगों ने स्टील के बर्तनों की खूब खरीदारी की। इसके साथ तांबे और कांसे के पारंपरिक बर्तनों की भी खरीद की। सराफा कारोबारी जगमोहन सिंह, संदीप जैन, मधुकर महावर बताया कि हल्के और नए डिजाइन के सोने के आभूषण की अच्छी खरीदारी हुई। विवाह के लिए भी लोग गहने खरीद रहे हैं। इसमें रानी हार, अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र आदि की अच्छी बिक्री हुई है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि ज्वेलरी, बाइक, स्कूटर और बर्तनों के छोटे सामान की खरीद हुई है। इलेक्ट्रिकल्स के सामान भी खूब बिक रहे हैं, लेकिन इलेक्ट्रोनिक्स कारोबारियों को अब भी ग्राहकों का इंतजार है। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर पूरे पछवादून क्षेत्र में करीब 30 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है।