100 दिनों में दोगुने का लालच देकर 3.30 लाख की ठगी
गुरुग्राम। सौ दिनों में दोगुने पैसे करने के लालच में एक निजी कंपनी ने युवक से 3.30 लाख की धोखाधड़ी कर ली। आरोप है कि कंपनी अधिकारियों ने बड़ी चालाकी से युवक के दो लाख रुपये नकद निवेश के अलावा साप्ताहिक रिटर्न भी गबन कर लिया। अब आरोपी पॉश एरिया डीएलएफ फेज-2 में दफ्तर बंद कर फरार हो गए। युवक की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसमें काफी संख्या में लोगों के साथ ठगी होने की आशंका है। थाना प्रभारी के मुताबिक अभी तक एक ही शिकायत मिली है, अन्य शिकायतों के आने पर भी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। रोहतक के रूप नगर निवासी पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ माह पहले इंटरनेट पर उसने गोल्डन हर्बल केयर कंपनी का विज्ञापन देखा जिसमें कंपनी ने दावा किया कि 100 दिनों के भीतर उनकी रकम दोगुनी कर दी जाएगी। कंपनी का ऑफर से आकर्षित होकर युवक डीएलएफ फेज-2 स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचा जहां उसे सुखविंदर सिंह और जितेंद्र नामक युवक मिले। उन्होंने कंपनी की स्कीम समझाते हुए एक लाख के पैकेज पर दो फीसदी प्रतिदिन के हिसाब से 100 दिनों में राशि दोगुनी करने का दावा किया। युवक ने लालच में आकर कंपनी अधिकारियों की ओर से दिए गए बैंक खातों में 2 लाख की राशि जमा करा दी। कंपनी की ओर से साप्ताहिक रूप से 1.23 लाख की राशि उसके खाते में स्थानांतरित कर दिए। कंपनी अधिकारियों ने उस राशि को भी स्कीम के आधार पर निवेश करा दिया। कुछ दिनों बाद जब युवक का साप्ताहिक रिटर्न नहीं आया तो वह जानकारी लेने के लिए कंपनी के दफ्तर गया जो उसे बंद मिला। ठगी का अहसास होने पर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को युवक की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।