लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर 28 लाख का जुर्माना
- सीईओ ने वर्क सर्किल-1 से 5 तक के सिविल वर्क और साफ-सफाई का किया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने काम में लापरवाही बरतने और गुणवत्ता ठीक नहीं पाए जाने पर ठेकेदारों पर 28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। उन्होंने प्राधिकरण के कई अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी भी दी। साथ ही कई अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए। जी-20 की तैयारियों के बाबत भी सीईओ ने निरीक्षण किया।
सेक्टर-11 में एक आरडब्ल्यूए की ओर से बैरियर लगाकर सड़क बंद होने पर सीईओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को चेतावनी जारी की। नोएडा एक्सप्रेसवे पर छल्ली बेचने के वालों का अतिक्रमण पाए जाने पर सुपरवाइजर पर कार्रवाई के निर्देश दिए। खोड़ा एवं सेक्टर-62 के बीच सर्विस रोड पर और मेन कैरेजवे पर किए जा रहे प्लास्टर की गुणवत्ता जांच के आदेश दिए।
खोड़ा एवं सेक्टर-62 के बीच सेंट्रल वर्ज पर निर्माणाधीन आरसीसी ड्रेन के कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। जिसके लिए संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख का जुर्माना और निर्माण सामग्री के जांच के आदेश दिए। कार्य से संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक को चेतावनी और प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। संबंधित अवर अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-62, 63 और 64 में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस मामले में सेक्टर-62 के ठेकेदार पर 5 लाख और सेक्टर-63,64 के ठेकेदार पर 5 लाख का जुर्माना लगाया गया। बहलोलपुर अंडरपास के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट में पौधे नहीं लगे होने पर ठेकेदार पर 5 लाख का जुर्माना लगाया गया। सेक्टर-63 और 65 के बीच सेंट्रल वर्ज पर एवं सेक्टर-63 के आंतरिक मार्गों पर सेंट्रल वर्ज में कई स्थानों पर उद्यान विभाग द्वारा खोदी गई मिट्टी सेंट्रल वर्ज के लेवल से ऊपर तक नजर आ रही थी। जिसको हटाया नहीं गया था। इस मामले में ठेकेदार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना किया गया।
सेक्टर-62 के डी पार्क को नहीं संवारा
सेक्टर-62 के डी पार्क को संवारने के निर्देश सीईओ ने दिए थे। लेकिन ढाई माह बाद भी काम वैसे का वैसा ही पड़ा था। इस मामले में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सेक्टर-16 रजनीगंधा चाैराहे से सेक्टर-56 टी प्वाइंट के बीच की सड़क के अधूरे काम पर सीईओ ने नाराजगी जताई। सेक्टर-96 अंडरपास का काम 22 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। शहर के स्पीड ब्रेकर को मानक के अनुरूप बनाने को कहा। शहर में ट्री-गार्ड की पेटिंग के निर्देश दिए।