जीएसटी घोटाले में फरार नौ आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
- 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के फर्जीवाड़े में 22 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी घोटाले में फरार नौ आरोपियों पर नोएडा पुलिस ने शनिवार को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दो माह के दौरान दी गई कई दबिश के बाद भी आरोपी नहीं पकड़े गए हैं। फर्जीवाड़े में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने दो महीने पहले जीएसटी फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया था। जांच करीब 15 हजार करोड़ से अधिक का फर्जीवाड़े की बात सामने आई थी। इनाम घोषित होने वाले आरोपियों में दिल्ली निवासी अंचित गोयल, प्रदीप गोयल, अर्जित गोयल, रोहित नागपाल , हरियाणा निवासी कुणाल मेहता, आशीष अलावादी, बलदेव उर्फ बल्ली, विकास डबास और मध्यप्रदेश निवासी प्रवीण शामिल हैं। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया शनिवार को इन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। जल्द ही आरोपियों की संपत्ति की पहचान कर कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। कई आरोपियों के फ्लैट सहित अन्य संपत्ति को कुर्क किया गया है। इस गिरोह के जालसाजों ने देश के अलग-अलग हिस्से में 2660 फर्जी कंपनी बनाई और इन कंपनियों के नाम पर इनपुट टैक्ट क्रेडिट प्राप्त कर फर्जीवाड़ा किया।