- 16 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन, सात किसानों को सीधे मिला भूखंड
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। घंघोला गांव के 23 किसानों को मंगलवार को छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित किए गए। एसीईओ सुनील कुमार सिंह और ओएसडी लवगीत कौर व अजय शर्मा की मौजूदगी में 16 समान आकार के भूखंडों का नंबर लॉटरी से आवंटित किया गया। सात भूखंडों का आकार अलग होने के कारण उनका सीधे आवंटन किया गया। एसीईओ ने बताया कि करीब 18 साल पहले किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद से आबादी भूखंड लंबित थे। किसानों ने प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मुलाकात कर समस्या रखी थी। इसके बाद पात्र किसानों को भूखंड उपलब्ध कराने के लिए अभियान शुरू किया गया। ओएसडी अजय शर्मा ने कहा कि अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द आबादी भूखंड आवंटित किए जाएंगे।